भवानीगंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के नौवागांव से कैथवलिया रेहरा गांव तक जाने वाली लगभग दो किमी सड़क इन दिनों जर्जर हो गई है। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद अनजान जिम्मेदारों के कारण ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
क्षेत्रीय दिवाकर यादव,राजू चौबे, सरस श्रीवास्तव, लवकुश यादव, वजाहत, अभिषेक, हरिओम पाठक आदि का कहना कि नौवागांव से कैथवलिया रेहरा गांव को जाने वाले लगभग दो किमी मार्ग पर बिलवट, संगवारे, तकियवा, कम्हरिया, परानपुर आदि के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। पिछले तीन साल से सड़क जर्जर हो गई है। वर्तमान में हालत यह है कि जगह-जगह सड़क की गिट्टियां उखड़ गईं हैं, जिससे बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जा रहा है। दो पहिया और साइकिल से आवागमन करने वाले क्षेत्रीय लोगों को उसमें बने गड्ढों का अंदाजा न लगा पाने के कारण उसमें फंसकर गिरकर चोटिल भी होते हैं। उक्त लोगों ने जिम्मेदार विभाग के उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता विवेक राय ने बताया कि समस्या समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।