सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 28 जुलाई को लखनऊ स्थित शक्ति भवन पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह आंदोलन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे। सिद्धार्थनगर जनपद से भी कर्मचारी लखनऊ के लिए रवाना होंगे। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष व्यासजी चतुर्वेदी ने बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 28 जुलाई का धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा लेकिन यदि सरकार और विभाग ने कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा और इसे चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा।