जांच में मदरसे में चोरी की घटना निकली फर्जी
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के टिकरिया गांव स्थित मदरसे का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। थानाक्षेत्र के टिकरिया गांव में स्थित मदरसा अरबिया मिश्ताहुल उलूम में एक जून चोरी होने की सूचना पुलिस की जांच में फर्जी निकली। प्रधानाचार्य की तहरीर पर मामले की जांच में जुटी पुलिस ने चोरी की घटना को फर्जी होने की दावा किया है।
टिकरिया गांव में संचालित मदरसा अरबिया मिश्ताहुल उलूम के प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान ने एक जून को थाने में तहरीर देकर सूचना दी थी कि मदरसे में चोरी हो गई है। जिसमें उन्होंने बताया था कि चोर अलमारी तोड़कर उसमें रखे जरूरी कागजात और नकदी उठा ले गए हैं। मदरसे में चोरी होने की जानकारी होने पर गांव के ही मुबशिर मसऊद ने एसपी को लिखित आवेदन देकर चोरी की घटना की जांच करवाने की मांग की थी। जिसमें मुबशिर ने बताया था कि मदरसे में चोरी नहीं हुई है। प्रधानाचार्य और प्रबंधक के विरुद्ध संबंधित विभाग से उच्च अधिकारियों द्वारा जांच चल रही है। जन सूचना आयोग में मदरसे के अभिलेख तलब किए गए थे। अभिलेखों को आयोग के समक्ष प्रस्तुत नहीं करने के कारण चोरी की फर्जी सूचना थाने पर दी गई है। मामले को गंभीरता से लेकर एसपी ने चोरी की घटना की गहनता से जांच करने का निर्देश दिया था। जिस पर थाने के एएसआई विजय प्रताप सिंह ने मामले की छानबीन मदरसे और गांव में जाकर की। जिसमें पता चला कि चोरी की घटना पूरी तरह से फर्जी है। जिसके बाद विजय सिंह ने आयोग में अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने को लेकर चोरी की भ्रामक सूचना दिए जाने की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट इंस्पेक्टर को सौंपी है। प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज केडी सिंह ने बताया कि मदरसे में चोरी की घटना की जांच करवाई गई है। जिसमें स्पष्ट बताया गया है कि चोरी की घटना झूठी है। इसलिए इस मामले में किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं है। रिपोर्ट पुलिस पुलिस अधीक्षक को प्रेषित की गई है। वहीं, मदरसा अरबिया मिश्ताहुल उलूम के प्रधानाचार्य अब्दुल रहमान ने हल्का दारोगा पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया है।