संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विशेष सचिव व्यवसायिक शिक्षा व नोडल अधिकारी ने शनिवार को विभिन्न परियोजनाओं एवं गोवंश आश्रय का निरीक्षण किया। उन्होंने इंडो नेपाल -ककरहवा बाॅर्डर सड़क का निरीक्षण किया।
इस दौरान संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी ने बताया कि सड़क के बीच-बीच में कुल चार किलोमीटर गैप बाकी है। शेष कार्य पूर्ण कर लिया गया है। विशेष सचिव शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने निर्देश दिया। जल जीवन मिशन योजना के दौरान गांवों में पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कें शीघ्र नहीं बनीं तो संबंधित कार्यदायी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शासन से नामित नोडल अधिकारी अभिषेक सिंह ने बर्डपुर विकास खंड के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर सात के गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। गोशाला में भूसा स्टाॅक रजिस्टर, व्यय रजिस्टर देखा। किसानों द्वारा सहभागिता योजना के अंतर्गत जिन लोगों द्वारा गाय ती गई है।
इसमें चंद्रभान से नोडल अधिकारी द्वारा फोन से वार्ता की गई। वार्ता के क्रम में जानकारी प्राप्त की गई कि किसी भी प्रकार की समस्या तो नहीं है। पैसा समय से मिल जाता है। सरकार की यह योजना किसानों के लिए लाभकारी है।
नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि गोवंश हेतु हरा चारा, पानी आदि की समुचित व्यवस्था कराएं। गोवंश की जांच कराने के साथ ही टीकाकरण कराने का निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने हरा चारा के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में बने स्वास्थ्य केंद्र, परीक्षक कक्ष का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही परीक्षक कक्ष के निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि कार्य प्रगति पर है बजट के लिए पत्र शासन को भेजा गया है। शेष कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समय से एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराएं। इसी क्रम में विशेष सचिव हर घर जल योजना के अन्तर्गत नौगढ़ ब्लाॅक के ग्राम पंचायत पारा नानकार, कपिया मिश्र एवं जोगिया सोनौरा का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत सभी घरों में पानी के लिए कनेक्शन हो जाना चाहिए।
पाइप डालने के दौरान जो सड़क खोदी गई है उसकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया। इसके पश्चात गांव का भ्रमण किया। इस दौरान पाया कि कहीं-कहीं सड़क टूटी है। विशेष सचिव ने कार्यदायी संस्था मेघा इंजीनियरिंग को सभी सड़कें ठीक कराने का निर्देश दिया। बताया कि इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित कंपनी के खिलाफ शासन से कार्रवाई तय कराई जाएगी। इसके साथ ही कनेक्शन में जो कमी हैै उसे भी ठीक कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान डीएम डाॅ. राजा गणपति आर. व पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, डीडीओ गोपाल प्रसाद कुशवाहा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।