लोटन क्षेत्र के नेपाल सीमा पर बनाई गई बॉर्डर डेब्लपमेंट की सड़क एक टूटने लगी।
लोटन। सीमावर्ती इलाके में बढ़नी बाॅर्डर और महराजगंज को जोड़ने वाली बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत बनाई सड़क एक साल के अंदर ही धरमौली गांव के पास टूटने लगी है। सड़क जगह-जगह धंस गई है, जिससे वाहनों चालकों आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने गुणवक्ता के साथ इसके निर्माण कराने की मांग की है।
जनपद नेपाल बाॅर्डर से लगा हुआ है। बाॅर्डर पर आवागमन सुगम बनाने के लिए बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया। यह सड़क जिले के बढ़नी बॉर्डर और महरागजगंज जनपद को कनेक्ट करती है।
इस मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। लोटन ब्लॉक के सीमावर्ती इलाके से सड़क गुजरी है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क सीमा क्षेत्र को जोड़ने और सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम है, लेकिन घटिया निर्माण के कारण बरसात से पहले ही सड़क की हालत खराब हो गई है। निर्माण को एक साल पूरे हुए होंगे और सड़क टूटने लगी है। इससे आवागमन में दिक्कत के साथ हादसे का खतरा बढ़ गया है। सड़क में धरमौली गांव के पश्चिम हुए गड्ढे में एक सप्ताह पूर्व एक बाइक सवार फंस कर गिर गया था, जिससे उसकी पत्नी का हाथ टूट गया था। इसके अलावा भी कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। क्षेत्र के राकेश, रियाज, मैनुद्दीन, ओमप्रकाश आदि कहना है कि सड़क निर्माण में लापरवाही की गई है, जिसकी वजह से यह टूट रही है। लोगों ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और सड़क को जल्द ठीक कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस संबंध में परियोजना के सहायक अभियंता नीरज पांडेय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में अभी तक नहीं है। अगर शिकायत मिलती है तो उसे ठीक करवा दिया जाएगा।