प्रशासन की ओर से प्रशिक्षित किए गए कर्मी करेंगे गणना
तुलसियापुर। जनगणना 2027 की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। 22 मई से मकान गणना (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर डिजिटल एप के माध्यम से परिवार और मकान से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज करेंगे।
इस प्रक्रिया में हर घर की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाएगी, जिसमें मकान की संरचना, परिवार के सदस्यों, मूलभूत सुविधाओं और डिजिटल पहुंच तक का ब्यौरा शामिल होगा। इसके साथ ही बृहस्पतिवार से स्वगणना प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि 21 मई तक लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपने घर और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए http://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर भाषा का चयन कर लॉगिन करना होगा। सभी जरूरी सवालों के जवाब भरने के बाद एक ओटीपी प्राप्त होगा, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर बताना होगा। इसके आधार पर ई-सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जनगणना 2027 दो चरणों में होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में फरवरी 2027 से जनसंख्या गणना की जाएगी। यह देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी। इस बार जनगणना में डिजिटल सुविधाओं और आधुनिकतम जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए नए सवाल भी जोड़े गए हैं। प्रगणक मकान के प्रकार, फर्श, दीवार और छत की सामग्री, कमरों की संख्या, पानी, बिजली, शौचालय, स्नानघर जैसी सुविधाओं के साथ-साथ इंटरनेट, स्मार्टफोन, कंप्यूटर और अन्य संचार साधनों की उपलब्धता व की जानकारी भी जुटाएंगे।
-
ऐसे करें स्वगणना
-http://se.census.gov.in पोर्टल पर जाएं
-फिर अपनी भाषा का चयन करें
-लॉगिन कर आवश्यक जानकारी भरें
-सभी सवालों के जवाब दर्ज करने के बाद ओटीपी प्राप्त होगा
-प्रगणक के घर आने पर ओटीपी बताकर ई-सत्यापन कराएं
-21 मई तक स्वयं भरें जानकारी
-
जुटाई जाएगी ये जानकारी
-मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री परिवार के सदस्यों का विवरण
-पानी, बिजली, शौचालय और स्नानघर की सुविधा
-खाना पकाने का ईंधन
-इंटरनेट, मोबाइल, टीवी, कंप्यूटर जैसी डिजिटल सुविधाएं
-साइकिल, बाइक, कार जैसे वाहन
-मुख्य उपभोग अनाज, मोबाइल नंबर