संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। शासन के निर्देश पर सोमवार को एसडीएम राहुल सिंह व सीओ सुजीत कुमार राय ने नगर पंचायत कर्मियों के सहयोग से कस्बा में बिजली के खंभाें व सड़क की पटरियों के बगल व दीवारों के पास लगे होर्डिंग बैनर उतरवा दिए।
एसडीएम राहुल सिंह ने कहा कि बिजली के खंभों पर होर्डिंग व बैनर लगाने से शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका रहती है, वहीं मार्ग की पटरियों पर लगे होर्डिंग बैनर के रिफ्लेक्टर से वाहन चालकों चकाचौंध लगती है, जिससे वाहन चलाने में दिक्कत होने लगती है। ऐसे में दुर्घटना हो जाती हैं। चेतिया मार्ग तिराहा, पुलिस बूथ व तहसील गेट से आगे नरायनपुर मोड़ तक पोल पर लगे बड़े-बड़े होर्डिंग, बैनर को उतरवा दिया गया है।
एसडीएम ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क की पटरियों पर दुकान का सामान रखकर अतिक्रमण करने व पटरियों पर ऑटो ई-रिक्शा आड़े तिरछा खड़ा करने से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे राहगीरों को आने जाने में काफी दिक्कत होती है, ऐसे में दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
दुकानदारों व ई-रिक्शा चालकों को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण न करें, इसके बाद कोई ऐसा करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान तहसीलदार अजय कुमार, लेखपाल अनिरुद्ध चौधरी व पुलिस के जवान तथा नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।