डुमरियागंज। तहसील क्षेत्र के ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल भारतभारी में लगने वाले 10 दिवसीय भव्य मेले का गुरुवार को आगाज हुआ। बतौर मुख्य अतिथि विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह व विशिष्ट अतिथि शोहरतगढ़ के योगेंद्र प्रताप सिंह ने मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद महंत आरके परदेशी की समाधि पर पुष्प अर्पित किया। विधायक राघवेंद्र प्रताप ने कहा कि भारतभारी जिले का ऐतिहासिक स्थल है।
इसका पौराणिक महत्व पूरे देश में है। भारतभारी भगवान भरत के नाम से जाना जाता है। लोगों को भरत के चरित्र से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतभारी मेलेे की बागडोर प्रशासनिक हाथों में जाने से निश्चित तौर से मेले में गुणात्मक सुधार हुआ है। मेले का लक्ष्य उन्नत और विकास के प्रति अग्रसर होना चाहिए। मेले से समाज में आपसी भाईचारेे को मजबूती मिलती है।
विशिष्ट अतिथि योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्राचीन भारतभारी मेले की ख्याति दूर-दूर तक है। लोग सरोवर में स्नान के बाद पूजा-अर्चना के लिए लंबी दूरी से आते हैं। सीओ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन भारतभारी मेले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। हर तरफ चैकसी बरती जाएगी। सादे वर्दी में भी महिला व पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद व तहसीलदार शिवमूर्ति सिंह ने मेलेे में आने वाले लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान मेला व्यवस्थापक रमेशचंद्र श्रीवास्तव, अशर्फी लाल, प्रधान पति भारतभारी गुड्डू पांडेय, प्रधानसंघ अध्यक्ष संतोष सैनी, राहुल सिंह, लवकुश ओझा, श्यामसुंदर अग्रहरि, पंकज पांडेय, कमलेंद्र त्रिपाठी, अजय दुबे, सुभाष गुप्ता, भोलानाथ सिंह, जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह, हीरा सिंह, कुलदीप पांडेय, चंद्रभान अग्रहरि, महेश्वर शुक्ला, रामबिलास कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।