आरोपी को मीडिया के सामने पेश करती पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के महदेवा तिवारी गांव के पास युवक को गोली मारने वाले बदमाश को पुलिस ने मंगलवार की सुबह ककरही बंधे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गोली मारने की वजह एक तरफा प्रेम बताया जा रहा है।
जोगिया कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में सीओ बांसी महिपाल पाठक ने घटना की गुत्थी सुलझाने का दावा किया। बताया कि 14 जनवरी की देर शाम सजनापार गांव निवासी गुलाब (22) पुत्र प्रहलाद को महदेवा गांव के पास गोली मार दी गई थी। अभी भी युवक का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पीड़ित के पिता नेेे घटना के दूसरे दिन क्षेत्र के सिंघोरवा गांव निवासी दुर्गेश के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया गया था। मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है।
वह ककरही पुल के बंधे के पास पहुंचा है। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से उसके पास से वारदात को अंजाम देने वाला कट्टा व चार देशी बम भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके भाई की शादी केवटलिया गांव में हुई थी। जहां उसका अकसर आना-जाना था। इस बीच भाभी की छोटी बहन से नजदीकी हो गई। मगर घरवालों ने उसकी शादी सजनापार गांव निवासी गुलाब के साथ कर दी। कई बार पति का साथ छोड़कर अपने साथ रहने की बात कही, मगर प्रेमिका मान ही नहीं रही थी।
पति को मारकर उसे पाने की चाहत में उसने गुलाब पर हमला किया था। सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ के हत्या के प्रयास सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। टीम में एसओ जोगिया शमशेर बहादुर सिंह सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।