सिद्धार्थनगर। राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल की ओर से शनिवार को पुराने नौगढ़ स्थिति वृद्धा आश्रम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें कुल 43 वृद्धजनों की सेहत की जांच की गई। इसके बाद उन्हें आयुर्वेद की दवा दी गई। साथ ही शुगर और ब्लड प्रेशर पीड़ित रोगियों को बचाव की सलाह दी गई।
समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्ध आश्रम पुरानी नौगढ़ में आयुर्वेद अस्पताल की टीम पहुंची और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ उन्हें निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। बढ़ती गर्मी और उम्र जनित बीमारियों को देखते हुए लगाए गए इस कैंप में बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में पहुंचें। चिकित्सकों ने वृद्धजनों को खानपान, नियमित दवा सेवन और मौसम जनित बीमारियों से बचाव के बारे में भी जागरूक किया। कहा कि मौसम में बदलाव के कारण कई प्रकार की दिक्कत हो रही है। इससे में बचाव बेहद जरूरी है। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर और शुगर से पीड़ित मरीजों को दवा देने के साथ ही बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. राजेश अग्रहरि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कैंप में कुल 43 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 26 पुरुष एवं 17 महिलाएं शामिल रहीं। वृद्धजनों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। फार्मासिस्ट अरुण कुमार त्रिपाठी ने दवाओं का वितरण किया, जबकि स्टाफ नर्स मनोरमा मिश्रा ने मरीजों की जांच एवं देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।