कुछ लोगों की मदद से लहूलुहान दिनेश को किसी तरह घर लेकर आई
निचलौल। थाना क्षेत्र बेलवा बच्ची निवासी महिला ने एक व्यक्ति पर बेटे को रात में बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बेलवा बच्ची निवासी मीरा देवी ने बताया कि 13 फरवरी की रात में एक शख्स अचानक उनके घर आ पहुंचा। इसके बाद वह उनके बेटे दिनेश (25) को बहला फुसलाकर घर से लेकर चला गया। आरोप है कि शख्स दिनेश को सिवान में ले गया और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद आरोपी दिनेश को गेहूं के खेत में फेंककर भाग निकले। वारदात की सूचना मिलने के बाद महिला कुछ लोगों की मदद से लहूलुहान दिनेश को किसी तरह घर लेकर आई। इसके बाद वारदात की उलाहना देने आरोपी शख्स के घर पहुंची। इस पर आरोपी आक्रोशित होकर अपशब्द कहने लगा और जानमाल की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार दिनेश की मां के तहरीर पर आरोपी कुंदन सिंह निवासी जयश्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।