शोहरतगढ़। हनुमान जयंती के अवसर पर नगर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की। मंदिरों और घरों में भक्तों ने हनुमान जी को लाल सिंदूर, चमेली तेल, फल-फूल, तुलसी माला तथा लड्डू, चना और गुड़ का भोग अर्पित कर संकटों से मुक्ति की प्रार्थना की।
नगर पंचायत क्षेत्र स्थित श्रीराम जानकी, राधा कृष्ण, शिवबाबा और डोई श्रीराम जानकी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। यहां भजन-कीर्तन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
घरों में भी गृहणियों ने श्रीराम दरबार और हनुमानजी की प्रतिमाओं को रंग-बिरंगे फूलों से सजाकर विधि-विधान से पूजा की। सिंदूर और चमेली तेल का लेप लगाकर तुलसी माला अर्पित की गई और नवग्रह शांति व सुख-समृद्धि की कामना की गई।
पुजारी राजेंद्र पांडेय और टिल्लू शर्मा ने हनुमानजी की भक्ति और शक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनको चोला चढ़ाकर सुंदरकांड का पाठ करने से विशेष लाभ मिलता है।