मिश्रौलिया के ग्राम बढ़या में अवैध कब्जे हटाती राजस्व विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
मिश्रौलिया। थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में चकरोड व चक नाली पर बने आधा दर्जन से अधिक मकानों को गुरुवार को राजस्व की टीम ने ढहवा दिया। इससे कब्जा धारियों में खलबली मच गई। न्यायालय के आदेश पर कब्जा हटवाते हुए दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतवानी दी गई। गुरुवार की सुबह 10 बजे इटवा तहसील में कार्यरत कानूनगो अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में टीम बढ़या गांव पहुंची। यहां चकनाली व चकरोड की भूमि पर वर्षों से घर बनाकर कब्जा जमाए हुए आधा दर्जन लोगों के बने मकान को हटवाया।
कानूनगो अंकित अग्रवाल ने बताया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के बाद की गई है। कब्जा हटवाने के लिए नोटिस दी गई थी, लेकिन कब्जा करने वाले कब्जा नहीं छोड़ रहे थे। इसलिए पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कब्जा हटवा दिया गया है। चेतवानी दी गई है कि अगर कोई दोबारा कब्जा करते हुए पाया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान राजस्व टीम सुनील कुमार, हल्का लेखपाल, अब्दुल कय्यूम, हरिओम, राम कुमार तिवारी, लुकमान व आरक्षी गौरी शंकर गुप्ता, लव सिंह, अरविंद कुमार, राज कपूर, महिला आरक्षी अंबिका आदि दर्जनों की संख्या में संयुक्त टीम के लोग मौजूद रहे।