डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील सभागार में शुक्रवार को सहायक रिटर्निग ऑफिसर डुमरियागंज की ओर से डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त वीएसटी (वीडियो सर्विलेंस टीम) की बैठक की गई।
बैठक में एसडीएम डॉक्टर संजीव दीक्षित ने टीम के सदस्यों को उनके कार्यों के विषय में महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। जैसे उन्हें किस प्रकार क्षेत्र में, अनुमति लेकर आयोजित किए जा रहे राजनीतिक कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करनी है, कार्यक्रम में उपयोग होने वाले सामग्रियां जैसे कुर्सी, मेज, टेंट, साउंड, झंडा, पोस्टर लंच पैकेट इत्यादि की अनुमानित संख्या का लेखा-जोखा रखने के लिए वीडियोग्राफी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि आगामी 25 मई को लोकसभा चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। इसमें सभी अधिकारी कर्मचारी अपना सहयोग करें। इस दौरान असलम अंसारी, शिव बहादुर, अभिनव सिंह, शंकधारी दुबे, अनूप कुमार द्विवेदी, संतराम चौधरी, रामप्रसाद और कुलदीप सक्सेना आदि मौजूद रहे।