सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस टीम द्वारा तस्करी का सामान। स्रोत सोशल मीडिया
खुनुवां। भारत से सीमा शुल्क चोरी कर नेपाल ले जाए जा रहे सामान के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 26.29 लाख नेपाली रुपये मूल्य की खेप बरामद की है। कपिलवस्तु जिले में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान 985 एडल्ट ट्वाय और 1,476 चार्जर के साथ कपड़े व अन्य सामान भी जब्त किए गए।
जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु के अनुसार, इलाका पुलिस कार्यालय गोरुसिंगे की टीम ने बुद्धभूमि नगरपालिका-2 के गोरुसिंगे क्षेत्र से शॉल, बच्चों के कपड़े और मोजे बरामद किए। इनकी कीमत क्रमशः दो लाख 58 हजार और दो लाख 79 हजार 200 नेपाली रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंसार (सीमा शुल्क) कार्यालय भेज दिया है।
वहीं, इलाका पुलिस कार्यालय कृष्णनगर की टीम ने कृष्णनगर नगरपालिका-2 स्थित महेंद्र पार्क क्षेत्र से विभिन्न कंपनियों के एडल्ट ट्वाय के उत्पाद और चार्जर जब्त किए।
इनमें महिलाओं के उपयोग के 365, पुरुषों के उपयोग के 299 और हरे रंग के 321 उत्पाद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इनकी कीमत क्रमशः सात लाख 92 हजार, दो लाख 48 हजार 500 और 12 लाख 48 हजार नेपाली रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 1,476 चार्जर की कीमत एक लाख 47 हजार 600 नेपाली रुपये बताई गई है।
पुलिस ने जब्त सामान को कृष्णनगर और सुठौली भंसार कार्यालय भेजा है। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी रिपेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा शुल्क चोरी और सामान की अवैध आवाजाही रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।ण