सैफई व गोंडा के ध्यानार्थ---
सैफई को सात विकेट से हराकर गोंडा सेमीफाइनल में पहुंचा
वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी में इंडो-नेपाल क्रिकेट टूर्नामेंट का नौवां दिन
अर्द्धशतकीय पारी खेलने के लिए गोंडा के कप्तान चित्रांश को मैन ऑफ द मैच का खिताब
अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी में जारी 13 दिवसीय इंडो-नेपाल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में नौवें दिन रविवार को स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई व गोंडा के बीच मुकाबला हुआ। इसमें गोंडा ने सैफई को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने इस मैच का उद्घाटन कर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के कप्तान गौतम यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। ओपनिंग पर उतरे खिलाड़ी रवि 38 रन, प्रमोद पाटिल नाबाद 28 रन बनाए। गोंडा टीम के खिलाड़ियों ने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण व गेंदबाजी करते हुए सैफई के खिलाड़ियों को अधिक रन बटोरने का कोई मौका नहीं दिया। इस तरह सैफई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 119 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोंडा टीम के कप्तान चित्रांश श्रीवास्तव ने ओपनिंग पर खिलाड़ी अमन अली व आकाश त्रिपाठी को भेजा। धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए अमन अली 25 रन, आकाश त्रिपाठी 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान चित्रांश श्रीवास्तव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और 50 रन बनाकर आउट हुए। दबाव में आकर सैफई के खिलाड़ियों ने नो बाल व व्हाइट बाल देकर गोंडा को 12 रन की बढ़त दी। खिलाड़ी विवेक पटेल नाबाद 7 रन व प्रांजल त्रिपाठी नाबाद 6 रन का योगदान देकर 14.3 ओवर में 121 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। इस तरह गोंडा ने सात विकेट से सैफई को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
50 रन के महत्वपूर्ण योगदान के लिए गोंडा के कप्तान चित्रांश श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। कमेंटेटर रकीब, स्कोरर विशाल, अनिल अरोड़ा, अंपायर हिमांशु, शशांक की विशेष भूमिका रही। आयोजक जिला पंचायत सदस्य उमेश प्रताप सिंह, विनय प्रताप सिंह, रवि सिंह, अंबिका त्रिपाठी, प्रधान श्यामसुंदर चौधरी, सुनील अग्रवाल, छात्र नेता चंदन पांडेय, ऋषि वर्मा, चिन्नू खान, सुनील अग्रवाल, रवि अग्रवाल, मनीष श्रीवास्तव, विवेक मणि त्रिपाठी, विपिन मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।