खुनुवां। शोहरतगढ़ ब्लॉक क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत एक प्रेरणादायक पहल सामने आई। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय चेतरा शेख, शोहरतगढ़ में शुक्रवार को दो छात्राओं को नेतृत्व का अवसर देते हुए एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया।
कार्यक्रम के तहत कक्षा आठ की छात्रा मुस्कान को उच्च प्राथमिक स्तर और कक्षा चार की छात्रा सरोजिनी को प्राथमिक स्तर का एक दिन का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया। दोनों छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस दौरान छात्राओं ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति का निरीक्षण किया, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था को परखा और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।