आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज धनगढि़या में बैठक करके ली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज धनगढिय़ा में भोजन व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर को जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से अवगत कराया गया कि विद्यालय में 490 के सापेक्ष 407 छात्राएं अध्ययनरत है। विद्यालय में 20 शिक्षक के सापेक्ष 3 महिला तथा 8 पुरुष कुल 11 शिक्षक कार्यरत हैं। डीएम ने ने निर्देश दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शोहरतगढ़ से महिला चिकित्सक को बुलाकर प्रत्येक 15 दिवस पर छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। इसके साथ यह भी निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होना चाहिए। निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन एवं नाश्ता छात्राओं को दिए जाने के लिए निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में प्रत्येक दिन के भोजन, नाश्ता का मेन्यू तथा जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी का नाम एवं मोबाइल नंबर की पेंटिंग कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक सोमारू प्रधान, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।