भीषण गर्मी में पिछले एक माह से बर्डपुर कस्बे में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। हाल यह है कि बिजली व्यवस्था गड़बड़ होने की वजह से क्षेत्र वासियों को उमस भरी गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 24 घंटे में महज पांच से छह घंटे ही विद्युत आपूर्ति होती है।
बिजली व्यवस्था की बदहाली पर विभाग समेत शासन प्रशासन व जनप्रतिनिधि भी उदासीन दिख रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत व्यवस्था सुधरने की बजाए दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है।
क्षेत्र के राधेश्याम जायसवाल, राममिलन जायसवाल, पुनीत कुमार, उमेश जायसवाल, गणेश जायसवाल, हरिश्चन्द्र अग्रहरि, संतोष कुमार, राकेश, रामबिलास वर्मा, राजेश वर्मा आदि ने विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की है।
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता राममूरत ने बताया कि शासन से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जिले के सभी क्षेत्रों में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जहां तक लोकल फाल्ट की समस्या है जल्द ही उसे भी दूर करा दिया जाएगा।