सिद्धार्थनगर। लोक निर्माण विभाग के मार्गों और सेतुओं के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के कार्ययोजना के अनुमोदन के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। सांसद जगदंबिका पाल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात से पूर्व सड़को की मरम्मत का कार्य पूर्ण करा लें। इसके साथ ही प्रत्येक तीन माह पर बैठक कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रमुख और अन्य जिला मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, राज्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, धर्मार्थ मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण एवं अन्य मार्गों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव को शामिल करने और जनपद में ब्लैक स्पाॅट चिह्नित कर उस पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक श्यामधनी राही, शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी, विधायक सैय्यदा खातून, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी कमल किशोर, बांसी विवेक कुमार राय उपस्थित रहे।