फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: वार्ड के विकास में अतिक्रमण का ग्रहण...एक करोड़ मिलने के बाद भी सड़क निर्माण ठप

Sun, 10 May 2026 02:40 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
शहर के आजाद नगर से सरोजनी नगर के मुख्य मार्ग पर कीचड़ से होकर विद्यालय की छुट्टी होने के बाद घर
विज्ञापन
शहर के आजादनगर व सरोजनीनगर वार्ड को जोड़ने वाली सड़क का मामला
विज्ञापन

तीन माह पूर्व आवंटित हुई है धनराशि, शुरू नहीं हो सका सड़क निर्माण
सिद्धार्थनगर। शहर की घनी आबादी वाले आजादनगर और सरोजनीनगर वार्ड के विकास में अतिक्रमण का ग्रहण लग गया है। इसकी वजह से तीन माह पूर्व सड़क निर्माण के लिए 99.97 लाख रुपये आवंटित होने के बाद भी नाले और सड़क का निर्माण ठप पड़ा है। दोनों तरफ बने अधूरे नाले की दीवारें ऊंची होने से जलनिकासी भी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। चार दिन पहले हुई बारिश से अब भी सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ पसरा हुआ है। वहीं, बरसात में इस सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है। स्थानीय निवासियों के अलावा इस मार्ग पर स्थित स्कूल के बच्चे भी प्रतिदिन सांसत झेलते हुए आवागमन करने को मजबूर हैं।
शहर के मुख्य मार्ग पर आजादनगर वार्ड से सरोजनीनगर वार्ड में जाने वाली सड़क पिछले आठ वर्ष से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढे में बदल गई थी। वहीं, बारिश के मौसम में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर जलभराव हो जाता था। इससे यहां के लोगों को इन वर्षों में सड़क पर गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता था। छह माह पहले नगर पालिका की तरफ से इस सड़क किनारे नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जो मार्ग के शुरू में ही अतिक्रमण के चलते अधूरा पड़ा है। वहीं, तीन माह पूर्व नगर पालिका की तरफ से इस सड़क के निर्माण के लिए शासन को भेजा गया प्रस्ताव स्वीकृत हो गया। इसके तहत आजादनगर वार्ड में सोना लॉज से अजहर के मकान से सरोजनीनगर वार्ड में नाली अंत तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 99.97 लाख रुपये आवंटित हुए हैं। नगर पालिका की ओर से सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रकिया पूरी कर ली गई है, लेकिन अतिक्रमण से सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
विज्ञापन

-
डेढ़ मीटर से अधिक सड़क अतिक्रमण की जद में
तहसील प्रशासन की तरफ से इस मार्ग की पैमाइश कराकर अतिक्रमण का चिह्नांकन किया गया था। राजस्व विभाग के अनुसार इस मार्ग के चौड़ाई लगभग नौ मीटर है, पैमाइश के दौरान सड़क किनारे डेढ़ मीटर से अधिक अतिक्रमण पाए जाने पर लाल निशान लगा दिया गया था। साथ ही नगर पालिका की ओर से छह लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से नौ अप्रैल 2026 को दिए नोटिस में बताया गया था कि चिह्नांकन में अतिक्रमण पाए जाने पर 15 अक्टूबर 2025 को ही ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने सभी छह लोगों को एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी स्थिति जस की तस है।
-
दो साल पहले ध्वस्त कराए गए थे दो मकान
शहर के खजुरिया रोड के चौड़ीकरण में अतिक्रमण का ही रोड़ा था। दो वर्ष पूर्व इस मार्ग पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत तहसील नौगढ़ और सिद्धार्थनगर के साथ जिला पंचायत की भी बाउंड्रीवाल ध्वस्त करा दी गई थी। साथ ही दो संपूर्ण मकान ध्वस्त कराने समेत 80 से अधिक भवनों के अतिक्रमण हटवाए गए थे। इसके बाद ही इस मार्ग का चौड़ीकरण हो पाया था और दोनों तरफ नालियों का निर्माण हो सका। हालांकि, अतिक्रमण हटाने के इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने कोर्ट में मुकदमा कर दिया गया। जानकारों की मानें तो इसी मुकदमेबाजी से बचने के लिए ही कई बार नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर भी सख्त कार्रवाई करने से अफसर कतरा रहे हैं।

स्कूली बच्चों व राहगीरों की होती है सांसत
आजादनगर से सरोजनीनगर वार्ड तक इस मार्ग पर एक इंटर कॉलेज, परिषदीय प्राथमिक व जूनियर स्कूल के अलावा एक निजी स्कूल व मदरसा स्थित है। यह सड़क शहर के लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज समेत अन्य सरकारी कार्यालयों तक आवागमन करने के लिए शार्टकट रास्ता है। साथ ही इस सड़क किनारे स्थित घनी आबादी के अलावा यहां पर विवाह घर, निजी अस्पताल समेत अन्य व्यवसायिक संस्थान भी है। ऐसे में इस सड़क पर हर समय कीचड़ और गंदा पानी पसरे रहने से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल के बच्चों को होती है, जिन्हें इसी गंदे पानी और कीचड़ से बचते हुए स्कूल आना-जाना पड़ता है। वहीं, स्थानीय लोगों के साथ ही अन्य राहगीरों के लिए भी इस गंदे रास्ते से गुजरना दैनिक जीवन का हिस्सा हो चुका है।

अधूरी पड़ी नाली और सड़क निर्माण नहीं होने से हम लोगों को प्रतिदिन सांसत झेलनी पड़ रही है। घर से बाहर निकलते ही सड़क के गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है।
- असगर अली, आजादनगर
अतिक्रमण के चलते अधूरी पड़ी नाली और सड़क निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है, जिससे सड़क पर जलभराव से हम लोगों को प्रतिदिन दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है।
- नजीर अहमद, आजादनगर
अतिक्रमण के कारण नाली निर्माण अधूरा पड़ा और सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। प्रशासन को जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए इन निर्माण कार्यों को पूरा कराना चाहिए।
विज्ञापन

अर्चिष्मान मिश्र, आजादनगर
बार-बार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है, इसलिए संबंधित अतिक्रमण हटाने के साथ सड़क एवं नाली निर्माण कार्य पूरा कराने की जरूरत है।
जहीर सिद्दीकी, आजादनगर
-
अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिया गया है, जल्द ही दोबारा नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सड़क निर्माण कार्य का टेंडर हो चुका है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
- अजय कुमार सिंह, ईओ नगर पालिका

शहर के सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले लोगों के विरुद्ध नगर पालिका की ओर से नोटिस दिया गया है। जल्द ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- कल्याण सिंह मौर्या, एसडीएम, नौगढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें