बखरा। रोजी-रोटी की तलाश में तीन माह पूर्व दुबई गए 25 वर्षीय एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में रविवार की रात मौत हो गई। सोमवार की शाम उसके मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
युवक के मौत के कारणों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। गौरी बाजार क्षेत्र के बर्दगोनियां गांव निवासी अभिषेक प्रजापति लगभग बीते 10 जनवरी को रोजी-रोटी की तलाश में दुबई गया था। जहां वह एक कंपनी में स्टोर कीपर का काम कर रहा था। रविवार की रात वह रोज की तरह भोजन के बाद अपने कमरे में सो रहा था।
सोमवार की सुबह उसके मित्र और सहयोगी उसकी तलाश करते जब उसके कमरे में पहुंचे तो यह देखकर अवाक रह गए कि वह अपने बिस्तर पर मृत हालत में पड़ा था। सोमवार की शाम कंपनी के माध्यम से परिवार के लोगों को जब इसकी जानकारी दी गई तो पूरे घर में चीख पुकार मच गई। माता रामवती देवी और पत्नी प्रिया बेहोश होकर गिर पड़ी।