गैस सिलिंडर में विस्फोट, दो की मौत
मकान जमींदोज, वृद्ध गंभीर रूप से झुलसा, बस्ती जिला अस्पताल में भर्ती
शनिवार सुबह हुई इटवा थाना क्षेत्र के पतिला गांव में घटना
अमर उजाला ब्यूरो
बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)। इटवा थाना क्षेत्र के पतिला गांव में शनिवार दोपहर गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। धमका इतना जोरदार था कि मकान जमींदोज हो गया। इस घटना में एक किशोरी की मौके पर मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक तीन वर्षीय बच्चे की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं, एक वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया जिसका इलाज बस्ती जिला अस्पताल में जारी है।
क्षेत्र के पतिला गांव निवासी पूर्व प्रधान सत्यप्रकाश चौधरी के भाई बालेश्वरी (60) और उनका नाती हर्ष (3) घर में थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच रसोई घर में रखे गैस सिलिंडर में विस्फोट हुआ जिससे मकान जमींदोज हो गया। बगल में खेल रही गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी केतकी की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। धमाका सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने मलबे को हटाकर सभी को बाहर निकाला तो केतकी दम तोड़ चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल हर्ष और बालेश्वरी को इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस्ती में हालत गंभीर देख हर्ष को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया जिसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, बालेश्वरी का इलाज चल रहा है। घटना से पीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री पहुंचे गांव
विधान सभा क्षेत्र के पतिला गांव में गैस सिलिंडर के फटने की सूचना पाकर दोपहर दो बजे बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी पतिला गांव पहुंचे और पीड़ित पूर्व प्रधान सत्यप्रकाश चौधरी से मिलकर क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया और परिवार को ढाढस बंधाया। घायलों के उचित इलाज हेतु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान एसडीएम इटवा विकास कश्यप, ब्लॉक प्रमुख खुनियांव मनोज मौर्या, दीपनारायण त्रिपाठी, ज्ञान सिंह, किशन जायसवाल, मारुतिनंदन मौर्या, आनंद गुप्ता, सत्यम मोदनवाल आदि मौजूद रहे।