शहर के बसडिलिया में गैस गोदाम को सील करते डीएसओ देवेंद्र प्रताप सिंह।
सिद्धार्थनगर। शहर के बसडिलिया में बिना अभिलेख के संचालित एक गैस एजेंसी के गोदाम को डीएसओ देवेंद्र प्रताप सिंह ने जांचकर सील कर दिया। जांच में गैस एजेंसी संचालित करने के संबंध कोई अभिलेख नहीं मिलने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी की गयी है। डीएसओ ने बताया कि एक सप्ताह में समस्त अभिलेखों के साथ स्पष्टीकरण मांगा गया है, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
शहर के उसका रोड पर बैंक आफ इंडिया के सामने एक प्राइवेट गैस एजेंसी का अक्टूबर माह में उद्घाटन कर संचालन शुरू कर दिया गया था। इसके अभिलेख के संबंध में संदेह होने पर डीएसओ देवेंद्र प्रताप सिंह ने गैस एजेंसी की बुधवार को जांच की।
जिसमें पाया गया कि गैस एजेंसी की ओर से ग्राम पंचायत बसडिलिया में 300 सिलिंडर भंडारित किया गया है। जबकि भंडारण से पूर्व अग्निशमन का प्रमाण पत्र लिया जाना आवश्यक है। इनके द्वारा उसका रोड पर कार्यालय खोल कर वितरण का कार्य आरंभ कर दिया गया था। यहां तक कि गैस एजेंसी की तरफ से एक उपभोक्ता को कनेक्शन भी जारी कर दिया था।
मौके पर उपस्थित गैस एजेंसी के मैनेजर रितेश धुरिया की ओर से कोई अभिलेख प्रस्तुत न करने के पर गोदाम को सील करने की कार्रवाई की गयी। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी खाद्य क्षेत्र प्रथम सतीश चंद्र, पूर्ति निरीक्षक विन्ध्यावासिनी श्रीवास्तव व संतोष यादव मौजूद रहे।