सिद्धार्थनगर। कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर की अध्यक्षता में विकास विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सभी खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत द्वारा ओडीएफ मॉडल ग्रामों में सुबह व शाम में सामुदायिक शौचालय, आरआरसी सेन्टर का निरीक्षण करें।
कूड़ा कलेक्शन हो रहा है कि नहीं के बारे में निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देेश दिया कि शासन की विशेष प्राथमिकता है कि आरआरसी सेंटर को संचालित किया जाए। उसमें सभी सुविधाएं पूर्ण करा दी जाएं।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक सप्ताह में खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत कम से कम पांच ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करेंगे एवं साथ ही छह बिंदुओं की अपनी रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजेंगे और प्रतिलिपि जिलाधिकारी को करेंगे। ग्राम पंचायतों के स्थलीय सत्यापन के समय आरआरसी सेंटर, पंचायत भवन, हैंडपंपों की स्थिति व अन्य कार्यों की गुणवत्ता को देखकर रिपेार्ट भेजेंगे। व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की एडीओ पंचायत व सचिव से सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त कर प्रथम एवं द्वितीय किस्त का भुगतान कराएं।
इस दौरान सीडीओ जयेंद्र कुमार, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, डीपीआरओ पवन कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ. जीवनलाल उपस्थित रहे।