आठ अपराधियों पर हुई गैंगस्टर की कार्रवाई
सदर पुलिस ने पांच और मोहाना ने तीन अपराधियों पर की कार्रवाई
पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। आठ अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ ही उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई। इसमें सभी अपराधी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के मामले में मौजूदा समय में जेल में बंद हैं।
पुलिस गिरोहबंद अपराध करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। उनकी हिस्ट्रीशीट भी खोली जा रही है, जिससे जेल से छूटने के बाद उन पर नजर रखी जा सके और अपराध करने से पहले उन पर कार्रवाई हो सके। कार्रवाई के क्रम में आठ बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसओ सदर छत्रपाल सिंह के मुताबिक गिरोह बनाकर चोरी सहित अन्य घटनाओं को अंजाम देने में लिप्त असलम, मो. रईस, राजाराम उर्फ गोठे निवासी खजुरिया, राजेश लोधी निवासी बेलसड़, अजय निवासी खजुरिया सदर के खिलाफ गिरोहबंद अपराध करने में मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मौजूदा समय में सभी जेल में हैं। एसओ मोहाना जयप्रकाश दुबे ने बताया कि गिरोह बनाकर चोरी, लूट, डकैती सहित अन्य मामले में तीन अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सभी की हिस्ट्रीशीट भी खोल दी गई है, सभी जेल में हैं। इसमें संतोष मोदनवाल निवासी बर्डपुर नंबर नौ टोला बर्डपुर बाजार, सरफुद्दीन निवासी महुआ शेेख थाना कपिलवस्तु, धर्मेंद्र मोदनवाल निवासी पचमोहनी थाना सोनहा जिला बस्ती के खिलाफ कार्रवाई हुई है।