शोहरतगढ़ कस्बे में कार्यालय खोलकर बना रहे थे वीजा और टिकट
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। कस्बे के नीवी दोहनी में ऑफिस खोल कर विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पांच लोगों को विदेश भेजने के लिए उनका पासपोर्ट लेकर वीजा देने के लिए एक लाख चार हजार रुपये की जालसाजी की है। ठगी के शिकार चार लोगों ने पासपोर्ट, वीजा व टिकट नहीं मिलने पर सोमवार को शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वर्तमान में संबंधित ऑफिस बंद कर बोर्ड हटा दिया गया है।
शोहरतगढ़ कस्बे के नीवी दोहनी में ग्लोबल मेन पॉवर सॉल्यूशन के नाम से ऑफिस खोलकर विदेश भेजने के मामले में दो युवतियों पर जालसाजी का आरोप है। पीड़ितों का कहना है कि कुवैत, कतर, सऊदी अरब सहित अन्य जगहों पर भेजने के लिए पासपोर्ट बनवाना, वीजा व टिकट देने के लिए इस ऑफिस के बारे में एक-दूसरे से जानकारी मिली थी। उसके बाद वह ऑफिस पर एक नवंबर को पहुंचकर संपर्क किए।
ऑफिस में बैठी दो लड़कियों ने पासपोर्ट ले लिया। कहा कि पासपोर्ट और पैसा जमा कर दीजिए। पैसा जमा होने के बाद उन लोगो ने मेडिकल करवाया। उसके बाद कहा कि वीजा और टिकट 15 दिन बाद मिल जाएगा। यह कहकर घर भेज दिया। उसके बाद इन पांच लोगों में से चौहटा निवासी कमलेश तीन दिन पहले वह वीजा और टिकट लेकर कुवैत जाने के दिल्ली पहुंचे। जैसे ही उनका वीजा और टिकट एयरपोर्ट पर चेक किया गया, वहां अधिकारियों ने इसे फर्जी बताया।
इसकी जानकारी कमलेश की पत्नी को मिली तो सोमवार को शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उसके बाद चार अन्य लोग जानकारी मिलते ही ऑफिस पहुंचे तो ऑफिस बंद मिला। उसके बाद इन्होंने भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राज कुमार पांडेय ने कहा कि जालसाजी मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यह हुए जालसाजी के शिकार
सलीम निवासी सहिनवार 6000 रुपये, नीयमुल्लाह निवासी सिसवा बुजुर्ग 6000, प्रदीप सिंह निवासी तालकुंडा 6000, कमलेश निवासी चौहटा 80 हजार रुपये और अन्य एक व्यक्ति 6000 रुपये ठगी के शिकार हुए हैं। इन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।