भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के परसा इमाद गांव में शुक्रवार को खेत की जुताई कर रहे पिता फतहुल्लाह और पुत्र सुलेमान पर चाकू से हमला कर दिया गया। बचाने आए सुलेमान के चाचा और उनके लड़के को भी चाकू मार कर घायल कर दिया गया। हमले में फतहुल्लाह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिरे तो हमलावर वहां से भाग गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा लाया गया। जहां फतहुल्लाह की हालत नाजुक देख उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
क्षेत्र के परसा इमाद गांव निवासी सुलेमान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह और उनके पिता फतहुल्लाह अपने खेत की जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही अलीमुल्लाह, अब्दुल हमीद, रकीब, लतीफ, अब्दुल मोईद, अब्दुल मुफीद आदि लोग खेत में पहुंचकर उनके पिता फतहुल्लाह पर धारदार हथियार से हमला कर दिए। यह देख वह पिता के पास पहुंचे तो उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले होते देख सुलेमान का भाई खालिद और उसके चाचा के लड़के हजरत उन्हें बचाने के लिए दौड़े तो हमलावरों ने उन दोनों पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे लहूलुहान होकर सभी खेत में गिर पड़े। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बेंवा सीएचसी पर लाया गया।
जहां उपचार के दौरान फतहुल्लाह की हालत नाजुक देख उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल सुलेमान ने सभी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में डुमरियागंज इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।े