- दूसरे समुदाय की किशोरी को ले जाने की कोशिश पर कस्बे में बढ़ी हलचल, पुलिस ने तत्परता दिखाकर माहौल बिगड़ने से रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। नगर पंचायत शोहरतगढ़ में दूसरे समुदाय की किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के बाद कस्बे में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए कई स्थानों पर जवानों की तैनाती कर दी।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथ नगर वार्ड निवासी रियाज और सेराज पर आरोप है कि उन्होंने वार्ड की एक किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर भगाने की कोशिश की। सोमवार रात परिजनों को इसकी जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने खुनुवां बाईपास मार्ग पर दोनों युवकों और किशोरी को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को थाने ले आई।
घटना की जानकारी फैलते ही थाना परिसर पर हिंदूवादी संगठनों के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर सेराज और रियाज, रशीद तथा उनकी पत्नी रुखसार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।