संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। रेल यात्रियों की समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को गोरखपुर से सुबह 9.30 चलने वाली पैसेंजर ट्रेन नकहा में 12 बजे पहुंची, जिससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यह डेमू ट्रेन शोहरतगढ़ में 12.25 की बजाए शाम 4.25 पर पहुंची।
ट्रेन में सपरिवार सफर कर रहे अमित, जफर, विनोद, अमन, प्रकाश, मालती, सुनीता, विजय, अंकुर ने कहा कि गोरखपुर से शोहरतगढ़ व बढ़नी तक आने के लिए कोई बस की सुविधा न होने से यात्री ट्रेन से सफर करने को आश्रित रहते हैं। ठंड के इस मौसम में शोहरतगढ़ बढ़नी तक सफर करने वाले यात्री तीन घंटे तक नकहा जंगल स्टेशन पर इंतजार में बैठे रहे।
यात्रियों ने कहा कि इसी प्रकार बढ़नी से नरकटियागंज जाने वाली फास्ट पैसेंजर ट्रेन काफी लेट में आ रही है। इसका मुख्य कारण कि गोरखपुर व नकहा में घंटों खड़ा कर दिया जाता है। इस ट्रेन से गोरखपुर से बढ़नी तक रात के समय सफर करने वाले यात्रियों में काफी भय समाया रहता है। यह ट्रेन काफी लेट होने से यात्री इस ट्रेन से सफर करने की बजाए गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन से सफर करना उचित समझते हैं।
क्षेत्र के व्यापारी व शिक्षक छात्र व कर्मचारियों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि बढ़नी नरकटियागंज को गोरखपुर व नकहा में बेवजह न रोका जाए। शोहरतगढ़ स्टेशन अधीक्षक सद्दाम हुसैन ने कहा कि सिद्धार्थनगर व चिल्हिया के बीच रेलवे लाइन का कार्य होने से लाइन ब्लाक किया गया था।