सिद्धार्थनगर जिले में इटवा थाना क्षेत्र की नगर पंचायत इटवा के वार्ड नंबर 12 में शुक्रवार को तालाब में डूबकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त युवक तालाब के किनारे खड़ा होकर रील बना रहा था, तभी पैर फिसल जाने से वह तालाब में गिरा और डूबकर उसकी जान चली गई। पुलिस ने परिजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा करके सुपुर्द किया। वहीं, मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इटवा कस्बे के डिहवा निवासी सादिक (18) पुत्र जमाल अहमद अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के ही तालाब के पास मोबाइल से वीडियो बनाने गया था। बताया जा रहा है कि तालाब के किनारे पर आगे पीछे होकर पोज देने उसका पैर फिसला गया और वह तालाब में गिर गया। उसे डूबता देख उसके साथ आए सभी साथी घबरा गये और भागकर गांव में जाकर सादिक की डूबने की जानकारी दी।
यह सुनकर गांव वाले घटना स्थल की तरफ दौड़े। कुछ देर में वहां भारीभीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद युवक को पानी में ढूंढना शुरू हुआ। काफी मशक्कत के बाद युवक मिला तो उसकी मौत हो चुकी थी। इस संबंध में परिजनों के अनुरोध पर इटवा पुलिस ने पंचनामा करके लाश परिजनों को सौंप दी। घटना की सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल ने भी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार वालों को ढांढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की।
इसे भी पढ़ें: चढ़-उतर रहा नदियों का जलस्तर, लोगों की अटकी सांसें