सिद्धार्थनगर। शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले नवागत बीएसए अरविंद कुमार पाठक ने सोमवार को मातहतों के साथ बैठक कर परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। ब्लाक संसाधन केंद्र पर आयोजित बैठक में मौजूद सभी बीईओ, सहसमन्वयक व न्याय पंचायत समन्वयकों को संबोधित करते हुए बीएसए ने कहा कि छह से 14 आयु वर्ग के सभी बच्चों का नामांकन कराते हुए विद्यालयों में उनकी शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।
शिक्षकों को पूर्ण मनोयोग से लग कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि एक से 15 जुलाई, परिषदीय विद्यालयों में नामांकन पखवारा मनाया जाएगा और 15 जुलाई को प्रवेश महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
अनुपस्थित बच्चों को विद्यालयों तक लाने के लिए बुलावा टोली गठित किया जाए और उसके बाद भी बच्चों के न आने पर शिक्षकों को उनके अभिभावक से संपर्क कर समस्या जाननी होगी और फिर बच्चे का विद्यालय आना सुनिश्चित करना होगा। जुलाई से विद्यालय खुल रहे हैं उसके पूर्व ही विद्यालय प्रांगण व कमरों की सफाई करा ली जाए।
सभी शिक्षक विद्यालयों में समय से उपस्थिति देते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराएं। कहा कि बुधवार को पूर्व की भांति दूध तो देना ही है साथ ही सोमवार को फल भी वितरित करना है।
प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालयों में निर्धारित 100 बच्चियों के नामांकन व उनके ठहराव के लिए सभी सहयोग करें। सभी शिक्षक विद्यालय में अपनी डायरी रखें जिसमें प्रतिदिन किए जाने वाले शिक्षण कार्य का ब्यौरा अंकित करें, जिसे अधिकारी अपने निरीक्षण में अवलोकित कर वास्तविक प्रगति जान सकें। बैठक में बीईओ व्यास देव, सीबी पांडेय, गोपाल जी मिश्र, पिंगल प्रसाद, जिला समन्वयक नागेंद्र सिंह सहित रामप्रकाश मिश्र, अरुण सिंह, जावेद, शैलेंद्र राय, अभय श्रीवास्तव, उमेश मिश्र, सुभाष जायसवाल, शिवपाल सिंह आदि मौजूद रहे।