स्वच्छ भारत मिशन के प्रथम चरण की सफलता में बर्डपुर ब्लॉक भी अहम रोल निभाएगा। खुले में शौच मुक्त अभियान के तहत ब्लाक के पांच गांव चुने गए हैं। इन गांवों में ग्रामीणों का सहयोग लेकर शौचालय बनवाने और उसके इस्तेमाल के लिए लोगों को प्रेरित करने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।
विकासखंड बर्डपुर के पिपरसन, पकड़ी उर्फ मुड़िला, बगही, सिगोरहवा, खेराटी ग्राम पंचायत को पंचायत राज विभाग ने खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए चयनित किया है। पिपरसन गांव में इस पर अमल भी शुरू कर दिया गया है। अन्य गांवों में भी इसे शीघ्र लागू करने की तैयारी है।
अभियान की सफलता के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण संतकबीरनगर जनपद में शुरू हो चुका है। इसमें ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी, ब्लाक समन्वयक, समाजसेवी आदि प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद इन ग्राम पंचायतों में अभियान पूर्ण रूप से लागू होगा।
पिपरसन में लगातार निगरानी समिति के लोग रोज सुबह 4 बजे से ही निगरानी करनी चालू कर दी है। पहल का असर यह है कि जिन घरों में शौचालय नहीं है, वहां पिछले 10 दिनों में लोग शौच जाने से पहले के लिए खुरपी और कुदाल लेकर ही घर से निकल रहे हैं। घर में शौचालय बनने तक यह क्रम बना रहेगा।
जिले के सबसे अधिक शिक्षित प्रधान के रूप में हाल ही में राज्य निर्वाचन आयोग से सम्मानित हुए पिपरसन के प्रधान इं.सर्वेश जायसवाल इसमें अहम रोल निभा रहे हैं। सर्वेश का कहना है कि ग्राम पंचायत पिपरसन को इस मामले में पूरे जिले में अग्रणी बनाने की कोशिश की जाएगी, जिससे सरकार का मिशन सफल हो और बीमारियों का खात्मा हो।