सीएचसी शोहरतगढ़ में उपचार करवाती घायल महिला।
संवाद न्यूज एजेंसी शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। शोहरतगढ़-खुनुवां बाईपास मार्ग पर बुधवार को अनियंत्रित बाइक की राहगीर से टक्कर होने से एक बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को शोहरतगढ़ सीएचसी पहुंचाया। एक राहगीर और बाइक चालक की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक कपिलवस्तु थाना क्षेत्र के मटियरिया गांव निवासी प्रभुदयाल (25) बुधवार को अपनी पत्नी पूनम देवी, दो वर्षीय बच्ची साक्षी और चाची मान देवी को बाइक पर बैठाकर कोइरीडीहा जा रहे थे। शोहरतगढ़ के खुनुवा बाईपास मार्ग के पास पहुंचे, तभी सड़क पार कर रहे थाना गोल्हौरा क्षेत्र के करही गांव निवासी रजिउल्लाह से बाइक की टक्कर हो गई। भिडंत इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार पूनम देवी, मानदेवी और बच्ची छिटक कर दूर गिरे।
बाइक चालक प्रभुदयाल भी सड़क पर गिर कर बेहोश हो गया और राहगीर रजीउल्लाह भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस संबंध में एसओ बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी घायलों का इलाज सीएचसी पर कराया गया। दो की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।