भनवापुर के तराव गांव में घर में जली आलमारी।
- फोटो : अमर उजाला
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के तरांव गांव मेें दीपावली पर गुरुवार की रात घर में रखे दीप से आग लग गई। आग से 50 हजार रुपये नकदी सहित दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
क्षेत्र के तरांव गांव निवासी भानुमति पत्नी हरिद्वार दीपावली की रात गुरुवार को कमरे में दीप जलाने के बाद सो गई थी। दीप से आग लग गई। अचानक जब आग की लपटें उठने लगीं और धुंआ हुआ तब जगकर देखा तो सारा सामान जल रहा था। जब तक ग्रामीणों को जानकारी होती तब तक सब कुछ जल चुका था। ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। भानुमति के मुताबिक घर बनवाने के लिए ईंट व सीमेंट आदि खरीदने के लिए घर में रखा 50 हजार रुपया नकदी, आभूषण, कपड़ा, सहित दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गए।
उन्होंने बताया कि पति हरिद्वार यादव मुंबई में रहते हैं। वह बच्चों के साथ घर पर रहती थीं। आग से जलने की जानकारी भानुमति के मायके ग्राम कठौतिया पांडेय में हुआ तो वहां के लोग व देवरिया चमन के ग्राम प्रधान भी मौके पर पहुंचे और आर्थिक मदद के रूप में ललाऊ पांडेय ने पीड़ित भानुमति को 2100 रुपये दिए। इस संबंध में हल्का लेखपाल अंगद दुबे से बात हुई तो उन्होंने बताया कि दीपावली की छुट्टी में घर चला आया हूं और घटना की कोई जानकारी हमें नहीं है। जांच करके रिपोर्ट तहसील को सौंप दूंगा।