सिद्धार्थनगर जिले में चहुंओर गेहूं फसल में अगलगी की घटना से किसान तबाह रहे। आग से खेसरहा, उसका, बढ़नी, बर्डपुर व पथरा क्षेत्र में सैंकड़ों बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंची। परेशान किसान बहुत मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके। घोसियारी प्रतिनिधि के अनुसार खेसरहा के पाला गांव में कंबाइन से गेहूं की कटाई करते समय अचानक खड़ी फसल में आग लग गई और 50 बीघा फसल जल गई। मकनाखोर निवासी रूद्रेश कुमार मिश्रा ने फायर ब्रिगेड की मदद लेना चाहा लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।उन्होंने डायल 112 पर भी संपर्क किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से प्रियांशु दुबे, जोगिंदर दुबे, श्रवण कुमार यादव, सूर्य लाल चौधरी, देवेंद्र यादव और रूद्रेश कुमार की फसल जलकर राख हो गई। बर्डपुर प्रतिनिधि के अनुसार सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 14 के सिवान में आग लगने से सौ बीघा गेंहू की फसल जलकर राख हो गई।
बर्डपुर नंबर 11 के कंचनपुर, सोनपुर, पिछौरा व बर्डपुर नंबर 14 का निश्चितपुर के सिवान में गेंहू की फसल नष्ट हुई है। कंचनपुर-सोनपुर निवासी ऐस मोहम्मद का 11 बीघा, अतीकुर्रहमान का 18 बीघा, जुबैर का 11 बीघा, एहसान, जमील व मुमताज का आठ-आठ बीघा, इंद्रावती व अजीम का तीन-तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम ललित कुमार मिश्र ने हल्का लेखपाल राजेश चाहर ने नुकसान का जायजा लिया। सकारपार प्रतिनिधि के अनुसार खेसरहा क्षेत्र के महुई नानकार में बृहस्पतिवार शाम चार बजे अज्ञात कारणों से गेहूं फसल में आग लग गयी । जिससे लगभग 20 बीघा फसल जलकर राख हो गई। गांव के राम सरन ने फायर ब्रिगेड को कॉल किया तो पता चला वह नौगढ़ में है।
ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस एवं ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जुताई करवा एवं आग पर मिट्टी डाल काबू पाया। गांव के अहमद हुसैन, भगवान दास, हनुमान दास, परमेश्वर, सुरेश, अखिलेश, हमीद, जोखन, जगदीश, राम शुभम, दादुल, राजकुमार व बेचन की फसल जलकर राख हो गयी।