चिल्हिया। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के मुड़िलाखुर्द गांव में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से दो सगे भाइयों के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घरों में रखा कपड़ा, बिस्तर, चारपाई, बर्तन, बक्से और उनमें रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। हादसे में दोनों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित हरिश्चंद्र और कृष्णचंद्र मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों और परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आग में वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान नष्ट हो गया। कपड़े, बिस्तर और रसोई का सामान जलने से दोनों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने तक की समस्या पैदा हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आग लगने की सूचना पर ग्राम प्रशासक अवनीश कुमार चौबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने लेखपाल और कानूनगो को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही दोनों पीड़ित परिवारों को तीन-तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। पीड़ितों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।