सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव में शराब पीकर गाली देने को लेकर हुए विवाद में बंशीलाल (42) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार रात हुई घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी संगीता की तहरीर पर 12 आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परसा बुजुर्ग निवासी बंशीलाल का शनिवार देर रात पड़ोस के रोहित से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में गाली देने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया। इसमें बंशीलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी संगीता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके पति की पिटाई की और चाकू मारकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रोहित, गोविंद, चिनकू, अर्जुन, राजमन, जल्ली, पिंकी, खुशबू, लक्ष्मी, सोनी, राजमन की अज्ञात पत्नी और एक नाबालिग लड़की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपी परसा बुजुर्ग गांव के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक इटवा अनिल कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।