- मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
- मां की भूमिका पर भी सवाल
मिश्रौलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में पीड़िता की मां की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
नाबालिग के पिता के मुताबिक 26 जून को उनकी बेटी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटी ने आरोप लगाया कि शाम के समय प्रधान के पति तसव्वर उर्फ पहलू उनके घर आया था। उस समय उसकी मां भी घर पर मौजूद थी। आरोप है कि मां ने बच्ची को दुकान से सामान लाने के लिए भेज दिया।
पिता का आरोप है कि बच्ची ने बताया कि दुकान से सामान लेकर घर लौटने पर उसने अपनी मां और तसव्वर को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। बच्ची ने मां से घटना की जानकारी पिता को देने की बात कही। आरोप है कि इस पर मां ने उसे डराया-धमकाया। मां पर भी आरोप है कि उसने आरोपी तसव्वर से बच्ची के साथ दुष्कर्म करने को कहा।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि शिकायत के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं ही गई। न्यायालय के आदेश के बाद 12 अगस्त की रात मिश्रौलिया पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। मिश्रौलिया निरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।