बारिश का पानी निकालने के लिए विवाद, वृद्ध की मौत
वृद्ध के पुत्र की तहरीर पर तीन पर गैर इरादतन हत्या का केस, एक हिरासत में
इटवा थाना क्षेत्र के सड़वा गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। बारिश का पानी निकालने के विवाद में शनिवार को दो पटीदारों के बीच विवाद हो गया। धक्का-मुक्की के बीच एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के सड़वा रामस्नेही चौबे (70) पटीदार लाला जी से विवाद था। बताया जा रहा है कि शनिवार को बारिश का पानी एकत्र होकर के बाद उसके निकलाने के लिए पिता पुत्र नाली साफ करने गए थे। पानी कटाने के लिए दोनों पक्षों में विवाद हुआ। धक्का-मुक्की भी हुई। इसी बीच रामस्नेही की तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा गए, जहां स्थिति गंभीर बताते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बस्ती के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र दीनदयाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों पर मारपीट और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ इटवा श्रीयश त्रिपाठी का कहना है कि मामले में तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी लालजी चौबे को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश जारी है।