भनवापुर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महतिनियां बुजुर्ग गांव में बुधवार रात बरातियों से हुई कहासुनी में सजावट कर रहे लड़के से मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर है। घायलोें ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के महतिनियां बुजुर्ग गांव के विक्रम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि राम जी उर्फ जक्का चौरसिया के यहां इटवा थाना क्षेत्र के नयेनगर गांव से बुधवार की रात बरात आई थी। शादी में गांव के विक्रम यादव, गांव के रामजी चौरसिया के यहां फूलों की सजावट का काम करके पास में खड़ी बाइक पर बैठ गया।
विज्ञापन
कुछ देर बाद एक युवक उसे गालियां देते हुए पीटने लगा। इस दौरान चाकू से हमला कर दिया। कुछ दूरी पर खड़े उसके मित्र आशीष पांंडेय और निसार अहमद आकर बीच-बचाव करने लगे। बीच बचाव में उन लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मारपीट करने वाले युवक के साथ कई लोग थे। जिसे वह पहचान नहीं पाया। चाकू से हमले में विक्रम की हालत काफी गंभीर हो गई। तीनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। विक्रम यादव ने डुमरियागंज पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।