फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: छह प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में बंद, 51.98 फीसदी पर ठहर गया मतदान

Sun, 26 May 2024 12:25 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
: वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 52.26 व 2014 में 53.09 फीसदी हुआ था मतदान
विज्ञापन

: जिले के 2178 बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से हुआ मतदान, कुल 1961845 थे मतदाता
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। छठवें चरण में शामिल डुमरियागंज संसदीय सीट पर शनिवार को हुए मतदान के बाद मैदान में उतरे छह प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में बंद हो गए। मतदान के लिए युवाओं में उत्साह चरम पर था, बुजुर्ग मतदान के लिए तपती धूप में निकल रहे थे। बूथ पर लगी कतार में महिलाओं की उपस्थिति साबित कर रही थी कि पहले मतदान, फिर जलपान होना था। लेकिन पिछले वर्षों की तुलना में इस बार मतदान प्रतिशत कम रहा। जहां इस बार सिर्फ 51.98 फीसदी मतदान हुआ, वहीं वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 52.26 व 2014 में 53.09 फीसदी मतदान हुआ था।
सुबह के खुशनुमा माहौल के बीच शुरू हुए मतदान के लिए बूथों पर लंबी कतार लगी रही। तमाम चिंताओं और बाधाओं को दरकिनार करते हुए जिले के लोग अपना जनप्रतिनिधि चुनने को बेताब दिखे। शनिवार सुबह शुरू हुआ मतदान पहले चार घंटे तक तेज रफ्तार से चला, जिसके बाद तेज धूप के चलते उसकी गति धीमी हो गई। सुबह सात बजे से नौ बजे तक 13.13 फीसदी, नौ बजे से 11 बजे तक 27.69 फीसदी, एक बजे तक 37.66 फीसदी मतदान पहुंच गया। ज्यों-ज्यों समय बढ़ता गया और तेज धूप हुई मतदान की रफ्तार में कमी आती गई। दोपहर एक बजे के बाद तीन बजे तक के बीच दो घंटे में मात्र 6.22 फीसदी के साथ मतदान प्रतिशत 43.88 पर पहुंचा। इसके बाद शाम को पांच बजे तक मतदान प्रतिशत 50.45 फीसदी मतदान हुआ। जबकि छह शाम छह बजे तक मतदान 51.94 फीसदी रहा और अंतिम मतदान प्रतिशत 51.98 रहा। जिले के 2178 बूथों पर हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा।
विज्ञापन

इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल, सपा प्रत्याशी भीष्मशंकर उर्फ कुशल तिवारी, बसपा प्रत्याशी नदीम मिर्जा, आजाद समाज पार्टी के चौधरी अमर सिंह, पीस पार्टी के नौशाद आजम व निर्दलीय किरन देवी का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। जो चार जून को मतगणना के बाद खुलेगा।

नवीन मंडी में जमा हुआ ईवीएम
मतदान के बाद मतगणना स्थल नवीन मंडी समिति परिसर में मतदान कर्मियों ने शनिवार देर रात तक ईवीएम जमा किया। प्रत्येक बूथ से ईवीएम के साथ मतदान कर्मी नवीन मंडी पहुंचे। शहर में जाम लगने से बचने के लिए रूट डायवर्जन के तहत शहर के हाईडिल तिराहे से ही वाहनों को वापस कर दिया जा रहा था। जहां से मतदान कर्मी पैदल ही नवीन मंडी के लिए रवाना हो रहे थे। इस बीच सड़क से लेकर नवीन मंडी परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।

डीएम व एसपी ने किया मतदान और निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल और एसपी प्राची सिंह नगर पालिका स्थित मतदान केंद्र पर पहुंच कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल की पत्नी ने भी मतदान किया। इसके बाद डीएम और एसपी ने प्राथमिक विद्यालय महराजगंज बर्डपुर, प्राथमिक विद्यालय छतहरी शोहरतगढ़ आदि विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।

-
कपिलवस्तु: यहां हुआ सर्वाधिक मतदान
55.62 फीसदी मतदान
लोकसभा चुनाव में सुबह वोटिंग की रफ्तार तेज रही जबकि दोपहर में इसमें गिरावट देखी गई। हालांकि कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में अन्य विधानसभाओं के सापेक्ष अधिक मतदान हुआ। मतदाताओं ने तेज धूप से बचने के लिए सुबह बड़ी संख्या में मतदान किया। शाम में भी मतदान में थोड़ी गति दिखी। प्राथमिक विद्यालय तेतरी स्थित बूथ संख्या 457 पर शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने वोट डाला। सदर विधायक श्यामधनी राही ने धौरीकुइंया बूथ पर मतदान किया। इसके अलावा रेहरा स्थित बूथ संख्या 472 पर चेयरमैन मंजू जायसवाल ने वोट डाला।
-
बांसी: यहां सबसे कम हुआ मतदान
49.48 फीसदी मतदान
बांसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 320 कन्या जूनियर हाई स्कूल बांसी में सुबह भीड़ नजर आयी जो 11 बजे तक देखने को मिली इसके बाद मौसम की गर्माहट बढ़ते ही मतदाताओं के आने का सिलसिला थाम गया। तेज धूप के चलते यहां मतदान प्रतिशत में 11 बजे तक इस बूथ पर 25 प्रतिशत मतदान हुआ दो घंटा बीतने के बाद एक बजे तक सिर्फ 30 प्रतिशत मतदान हुआ। एक बजे के बाद मतदाताओं के आने का सिलसिला थम गया तीन घंटे में मात्र 10 प्रतिशत मतदान हुआ। चार बजे तक कुल 40 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह अन्य बूथों का हाल रहा।

इटवा: बूथों पर रही लंबी कतार
49.83 फीसदी मतदान
इटवा। यहां सुबह से ही मतदाताओ की लंबी कतार लगी रही, जो 10 बजे तक समाप्त हो गयी। उसके बाद मतदान की रफ्तार धीमी रही। सुबह मधवापुर व पूर्व माध्यमिक विद्यालय इटवा में ईवीएम मशीन को लेकर हो हल्ला हुआ। वहां मतदाताओं ने ईवीएम मशीन बंद होने का आरोप लगा रहे थे। जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया। बिस्कोहर कस्बा के युवा मतदाता पहली बार मतदान करने के जोश से लबरेज दिख रहे है। पहली बार मतदान करने गए शुभम कौशल ने कहा कि देश के विकास के नाम पर वोट करेंगे। अंगद मौर्या का कहना था कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान करेंगे।
-
डुमरियागंज: आधी आबादी में भी मतदान के लिए दिखा उत्साह
50.17 फीसदी मतदान
डुमरियागंज क्षेत्र में मतदान को लेकर महिलाओं में उत्साह दिखा, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान करते हुए अपने वोट की ताकत दिखाई। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद लगभग दिन भर पोलिंग बूथों पर महिलाओं के कतार का तांता नहीं टूटा। क्षेत्र के टिकरिया भटगवा हल्लौर मसीना, महुआ खुर्द, कुसुमी, औराताल, लटिया, वासा, बैदौलागढ़, डुमरियागंज के पी आई सी, बयारा स्थित मतदान स्थल पर महिलाओं ने निर्भीक होकर वोट डाला। क्षेत्र के भटगवा बैदौलागढ़, डुमरियागंज, हल्लौर पिंक और आदर्श बूथों पर बनाए गए सेल्फी स्टैंड पर पहुंच कर युवतियों ने वोट देने के बाद वोट की निशानी को दिखाते हुए सेल्फी ली।
विज्ञापन


शोहरतगढ़: अपनी बारी के इंतजार में डटे रहे मतदाता
53.58 फीसदी मतदान
विधानसभा क्षेत्र के गड़ाकुल, नीवी दोहनी, अतरी, खुरहुरिया, चिल्हिया, परसिया, सेहुड़ा, सेहुडी, करौती के पोलिंग बूथ पर वोट डालने के सुबह 7 बजे 10 बजे तक महिलाओं व पुरुषों की लंबी कतार लगी रही। वह घंटों कतार में डटे रहे और मतदान के बाद ही वहां से हटे। लोग अपना मत देने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। 11 बजे से लेकर पांच बजे तक कड़ी धूप बूथों पर संख्या कम हो गई। 10-10 मिनट पर कुछ लोग वोट देने के लिए आ रहे। थे। शाम पांच बजे फिर से लोग मतदान के लिए निकले। प्रशासन की तरफ से पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और धूप से बचने के लिए टेंट लगे थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें