बर्डपुर। राजकीय कृषि बीज भंडार बर्डपुर में बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की ओर से किसानों की गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें मक्का की खेती पर जोर दिया गया। उन्हें मक्का की दो हाइब्रिड प्रजातियों के बारे में बताया गया। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। बीज का वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जा रहा है।
एडीओ कृषि मनीष त्रिपाठी ने बताया कि त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम और संकर बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना के तहत इन बीजों का वितरण किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत जिले के सभी विकास खंडों में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर हाइब्रिड एनएमएच-920 (मल्लिका) प्रजाति का मक्का बीज 245 रुपये प्रति किलो तथा एचक्यूपीएम-5 प्रजाति का बीज 285 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जा रहा है। इन दोनों बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय जायद मक्का की बुवाई के लिए उपयुक्त है। जायद सीजन में मक्का की खेती करने के इच्छुक किसान अपने क्षेत्र के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही बीज खरीदते समय किसानों को बीज का पूरा मूल्य जमा करना होगा। इसके बाद अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से बिना किसी मध्यस्थता के किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि साभा, कोदो, मडुवा, बाजरा को ऑनलाइन बुकिंग किया जा रहा है। बुकिंग होने के बाद सभी को निशुल्क वितरण किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित उपाध्याय, बीडीओ अजय प्रताप सिंह, भोला कुशवाहा, शैलेश गौतम, राकेश चन्द्रा, दुर्गेश चौधरी आदि मौजूद रहे।