किसानों का कहना है कि उनकी जमीन बेहद उपजाऊ और बहुफसली है। कई परिवारों के पास खेती के लिए यही एकमात्र जमीन है। यदि इसका अधिग्रहण हुआ तो उनके पास आजीविका का कोई दूसरा साधन नहीं बचेगा। वे कई पीढ़ियों से इसी जमीन पर निर्भर हैं। ऐसे में औद्योगिक कॉरिडोर के लिए उनकी कृषि भूमि लेना उन्हें मंजूर नहीं है। किसानों ने मांग की कि फैक्टरी और औद्योगिक क्षेत्र के लिए जमीन कहीं दूसरी जगह तलाश की जाए।
मनिकौरा नानकार ग्राम पंचायत के छितौनी गांव निवासी किसान केवल बहन चौधरी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि छितौनी न्याय पंचायत के करीब 10 गांवों की जमीन यूपीसीडा की फैक्टरी और औद्योगिक कॉरिडोर के लिए ली जानी है। लेकिन अब तक गांव के लोगों को इस संबंध में कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई। लेखपाल जब गांव में ट्यूबवेल, बोरिंग आदि की जांच करने पहुंचे, तब किसानों को जमीन के सर्वे और अधिग्रहण की आशंका की जानकारी हुई। इससे ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश है।
शुक्रवार को दिशा की बैठक चल रही थी। इसी दौरान प्रभावित गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई और जिलाधिकारी से मिलने की मांग की। उनका कहना था कि इतने बड़े फैसले से पहले प्रभावित किसानों को भरोसे में लेना चाहिए। किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर उपजाऊ कृषि भूमि को अधिग्रहण से बाहर रखने और औद्योगिक परियोजना के लिए वैकल्पिक जमीन तलाशने की मांग की।किसानों का साफ कहना है कि वे औद्योगिक विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसके लिए उनकी पीढ़ियों की आजीविका का आधार बनी जमीन नहीं ली जानी चाहिए। बंजर, परती और अनुपयोगी सरकारी जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए।