बखरा। क्षेत्र के खैराबनुआ गांव में चोरों ने बंद पड़े घर में घुसकर नगदी समेत लगभग 60 लाख रुपये के सोने के आभूषण और चांदी के बर्तन चुरा लिया। इस मकान के लोग विवाह समारोह में भाग लेने के लिए बाहर गए थे। विवाह समारोह से घर वापस लौटने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित गृहस्वामी ने शुक्रवार की सुबह थाने में पहुंच कर अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, खैराबनुआ गांव निवासी धनंजय राय के बहन की शादी 10 मार्च को थी। पूरा परिवार विवाह समारोह में भाग लेने के लिए गोरखपुर गया था। गोरखपुर के फॉरेस्ट क्लब में विवाह का आयोजन किया गया था। विवाह समारोह की समाप्ति के बाद बृहस्पतिवार की देर रात जब परिवार के लोग वापस घर लौटे तो यह देखकर अवाक रह गए।
कमरे की अलमारी खुली थी। चोरों ने अलमारी में रखे बक्शे और लाकर का ताला तोड़कर सात हजार की नगदी समेत 450 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग डेढ़ किलो चांदी के बर्तन लगभग 60 लाख का आभूषण व अन्य सामान चुरा ले गए थे। चोरों ने सीढ़ी से छत के रास्ते घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। साथ ही घर में लगे सीसी कैमरे से भी से छेड़छाड़ की थी।
प्रभारी निरीक्षक डाॅ. महेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर घर में लगे सीसी फुटेज जांच की गई है। जांच में कोई बाहरी व्यक्ति घर के अंदर जाता नहीं दिख रहा है। मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है।