सिद्धार्थनगर। आक्रोश और प्रतिशोध की भड़की चिंगारी में झुलसकर लोग न सिर्फ अपने हाथों को खून से रंग रहे हैं बल्कि दो परिवारों के लिए भी नई मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। मोहाना थाना क्षेत्र के पिपरहवा गांव में युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किशोरी की आत्महत्या और उससे उपजे आक्रोश की बात सामने आई। वारदात के बाद कानून का सहारा लेने के बजाय एक परिवार के जवान बेटे को मौत के घाट उतार दिया गया और अब कई परिवारों का भविष्य संकट में पड़ गया है।
यह पहला मामला नहीं है जब ऐसी वारदात सामने आई हैं। इससे पहले भी जनपद में रिश्तों में पड़ने वाली बुरी नजर पर खौफनाक कदम उठाते हुए कहीं पिता ने बेटी की हत्या कर दी तो कहीं अन्य लोगों के साथ मिलकर सामने वाले का मार डाला। इससे दो परिवारों पर असर पड़ रहा है। एक की तो जान चली गई तो वहीं, दूसरा कानून के दायरे में आकर जिंदगी बैठा। समाजशास्त्री और मनोविज्ञानी स्वस्थ समाज के लिए इसे घातक बता रहे हैं।
-
बेटी की आत्महत्या के बाद खमोश, अंदर ही अंदर जल रहा था परिवार
पुलिस की जांच और लोगों की बातों पर गौर करें तो रिश्ते सामने आने के बाद परिवार इस मामले को दबाने की कोशिश की, जिससे बदनामी न होने पाए। इसी बीच लड़की ने आत्महत्या कर ली। फिर भी परिवार के लोगों ने खमोश रहना मुनासिब समझा लेकिन, अंदरखाने कुछ और ही चल रहा था। बेटी की मौत के बाद मामला बाहर न आए इज्जत जाएगी, ऐसा सोचकर परिवार के लोग चुप हो गए थे लेकिन कुछ लोगों के भीतर बदले की भावना लगातार सुलगती रही। इसी प्रतिशोध ने कथित तौर पर ''''जान के बदले जान'''' की सोच को जन्म दिया और एक सुनियोजित वारदात को अंजाम दिया गया।
-
फिल्म के तरह से क्रास सवाल, तब टूटा परिवार
मुकेश हत्याकांड में आरोपियों को परिवार की ओर से नामजद किया गया था। इसके बाद पुलिस लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए सारे तथ्यों को जोहती रही है। कड़ी से कड़ी को जोड़ने और मामले का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस को कई प्रयास करना है। नामजद किए गए आरोपियों के परिवार और उनसे संबंध रखने वालों को रडार पर लिया गया। उनके लगातार पूछताछ और गतिविधि के बारे में जानकारी लेते रहे लेकिन, कुछ निष्कर्ष नहीं निकल पाया। जब आरोपी गिरफ्त में आए और उनसे फिल्मी अंदाज में अलग-अलग करके पुलिस ने मानसिक रूप से तोड़ने वाले सवाल-जवाब किए तो वे उलझ गए। एक ने दूसरे के बारे में यह बताया तो दूसरे ने तीसरे के बारे में जानकारी दे दी। इसके बाद सारी कहानी सामने आ गई।
-
दूसरे से रिश्ता, बेटी को काटकर मार डाला
खेसरहा थाना क्षेत्र के एक गांव में वर्ष 2023 में एक इसी प्रकार का मामला सामने आया था। बेटी के रिश्ते के बारे में जानकारी सामने आने के बाद पिता ने समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। सामने वाले को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में थे नहीं। ऐसे में सोचा की बेटी को ही रास्ते से हटा दिया जाए। सारी बला टल जाएगी और इज्जत भी बची रहेगी। रिश्तेदार में लेकर जाने की बात कहकर निकले और कुछ साथियों के साथ मिलकर पिता ने काटकर बोरी में डाल लिया और नदी में दबा दिया। अचानक पानी बढ़ा तो बोरी दिखने के बाद मामला खुला। इसमें पिता और अन्य लोग जेल गए थे। बेटी भी गई, झूठी शाम में खुद भी जेल चले गए।
फिल्मी अंदाज में हत्या
इसके अलावा एक अन्य मामले में शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में एक पिता ने बड़े ही शातिराना और फिल्मी अंदाजा में बेटी की हत्या की थी। मुंबई का टिकट लिया। ट्रेन पर पढ़ा, वापस लौट आया, बेटी को घुमाया और फिर हत्या कर दी। दृष्यम फिल्म के अंदाज में यह हत्या हुई थी। बेटी की हत्या में पिता सलाखों के पीछे है। झूठी सान जिंदगी पर भारी पड़ गई।
-
बोले
जब किसी परिवार या व्यक्ति के भीतर पीड़ा, अपमान या क्षति की भावना लंबे समय तक बनी रहती है और उसका सकारात्मक समाधान नहीं निकलता, तब प्रतिशोध की मानसिकता विकसित होने लगती है। यह केवल दो व्यक्तियों का संघर्ष नहीं रह जाता बल्कि पूरा परिवार और समाज उसकी कीमत चुकाता है। ऐसे मामलों में संवाद, सामाजिक हस्तक्षेप और कानूनी प्रक्रिया पर भरोसा ही समाधान का रास्ता है।
- डॉ. रघुवर प्रसाद पांडेय, समाजशास्त्री, महिला पीजी कॉलेज बस्ती
—
प्रतिशोध की भावना व्यक्ति की निर्णय क्षमता को प्रभावित कर देती है। लगातार क्रोध, तनाव और बदले की सोच इंसान को यह विश्वास दिलाने लगती है कि हिंसा ही न्याय का माध्यम है जबकि वास्तविकता में इससे समस्या और गंभीर हो जाती है। ऐसे मामलों में भावनात्मक परामर्श, परिवार का सहयोग और मानसिक स्वास्थ्य सहायता बेहद महत्वपूर्ण होती है।
- अनिता, मनोविज्ञानी