देवरिया। सदर कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने गदपुरवा में दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अपमिश्रित शराब, केमिकल, डुप्लिकेट रैपर, कैप्सूल व कूटरचित बारकोड बरामद किए। दबोचे गए धंधेबाजों ने पुलिस को बताया है कि यहां तैयार नकली अंग्रेजी शराब बिहार भेजी जाती थी।
पुलिस टीम ने सोमवार की रात शर्मा ढाबा के आगे गदपुरवा स्थित एक मकान में छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके से 136 बोतल (375 एमएल) अपमिश्रित अंग्रेजी शराब, 37 लीटर खतरनाक केमिकल, विभिन्न ब्रांड के 180 एमएल के सैकड़ों नकली शील्ड पैक, 450 एमएल की 173 भरी बोतल, 125 खाली बोतलें, 2660 नकली क्यूआर कोड, एक ब्रांडेड अंग्रेजी शराब के 1490 डुप्लिकेट रैपर, विभिन्न कंपनियों के 3490 से अधिक डुप्लीकेट कैप्सूल, 2950 मिक्स ढक्कन समेत अन्य उपकरण बरामद किए गए। मौके से कोतवाली क्षेत्र के लंगड़ी निवासी परमेश्वर जायसवाल और हिरदापुर निवासी सुनील सिंह को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में परमेश्वर और सुनील ने बताया कि वे केमिकल मिलाकर अंग्रेजी शराब तैयार करते थे और विभिन्न नामी ब्रांड के डुप्लिकेट रैपर और बारकोड लगी बोतल में पैक करके बिहार के क्षेत्रों में खपाते थे। गौरी बाजार निवासी राजेश मद्धेशिया, आजमगढ़ के रौनापार निवासी रोशन लाल यादव और पश्चिमी चंपारण के लवकुश भी शामिल हैं।