संवाद न्यूज एजेंसी
बढ़नी। परंपरागत आस्था और उल्लास के साथ मंगलवार को नागपंचमी का पर्व नगर में हर्षोल्लास से मनाया गया। नगर पंचायत के रामलीला मैदान में रंगारंग मेला आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों और युवाओं ने जमकर आनंद उठाया।
रामलीला मैदान में लगे इस मेले में झूले, खिलौने, मिठाइयों की दुकानें और विभिन्न प्रकार के खानपान स्टॉलों ने लोगों को आकर्षित किया। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने मेले में पहुंचकर वातावरण का आनंद लिया। बच्चों ने झूला झूल कर खूब लुत्फ उठाया और दुकानों से मनपसंद खिलौने खरीदे। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीलअग्रहरि, भानू सिंह,ध्रुव चतुर्वेदी, मनोज पांडेय, राजेश्वर सिंह, अभिषेक, राम कुमार, रामराज हीरा लाल, जेपी, चौकी प्रभारी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह मय फोर्स के मौजूद रहे।
-
गुड़िया पीटकर बच्चों ने मनाया नागपंचमी पर्व
धेंसा। नौगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत साहा,सिरवंत, डिहवा, पलिया ,ससना व अहिरौली अन्य गांवों के बुजुर्ग, छोटे बच्चे एवं बहनें पारंपरिक तरीके से गांव में एक जगह एकत्रित हुए। छोटे बच्चों ने भगवान का प्रार्थना एवं राष्ट्रगान भी किया। इस दौरान भारत माता एवं अन्य महापुरुषों का जयघोष किया। इसके पश्चात बहनों ने कपड़े की गुड़िया फेंका , एकत्रित छोटे बच्चों ने उसे छड़ी से पीटने के बाद दौड़ लगाया और बहनों ने अपने भाइयों को भीगा हुआ चना खिलाया। उत्साह पूर्वक नागपंचमी का त्योहार मनाया। संवाद