सिद्धार्थनगर। नौगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी के साथ प्रसव की भी सुविधा होगी। इससे न सिर्फ शहर के लोगों को इलाज में सहूलियत मिलेगी। बल्कि, मेडिकल कॉलेज का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। क्योंकि, यहां एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड के साथ ब्लड जांच की भी सुविधा मिलेगी।
नौगढ़ पीएचसी में इमरजेंसी की सुविधा के साथ प्रसव की भी सुविधा दी जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं को तत्काल ही इलाज मिल पाएगा। वहीं रूटीन जांच के लिए पैथोलाॅजी, एक्स-रे के साथ अल्ट्रासाउंड की सुविधा रहेगी। मरीजों को ओपीडी में सभी जांच व दवाएं आसानी से मिल जाएंगी। पीएचसी में दो ही डॉक्टरों की नियुक्ति होने से अन्य डॉक्टरों को अनुबंध करके इसमें मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी।
आने वाले दिनों में मरीजों को अति गंभीर होने पर ही मेडिकल कॉलेज में जाने की जरूरत पड़ेगी। जबकि, नाॅर्मल उपचार के लिए मरीज पीएचसी से ही सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले पाएगा। नाॅर्मल प्रसव की भी सुविधा प्रसूता महिला को पीएचसी में दी जाएंगी।
सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया ने बताया कि मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए पीएचसी में सभी सुविधाएं मुकम्मल कराई जाएंगी। इससे मरीजों को मेडिकल कॉलेज का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।