फेसबुक पर फोटो चैलेंज डाले तो हो सकते हैं ब्लैकमेल
फेसबुक पर ‘कपल चैलेंज’ की फोटो तेजी से शेयर कर रहे हैं लोग
पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर बढ़ी इस प्रकार की पोस्ट
साइबर अपराधी फोटो का गलत इस्तेमाल करके कर सकते हैं ठगी
श्याम सुंदर तिवारी
सिद्धार्थनगर। फेसबुक पर चल रहे ‘कपल चैलेंज’ में लोग तेजी से फोटो पोस्ट और शेयर कर रहे हैं। अधिकांश लोग पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का भी फोटो चैलेंज के रूप में पोस्ट कर रहे हैं। मगर साइबर एक्सपर्ट इसे घातक बता रहे हैं, उनके अनुसार साइबर अपराधी फेसबुक से फोटो निकालकर उसका गलत तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं। बदलते वक्त के साथ अपराधियों ने अपराध की तरीका भी बदल दिया है। इंटरनेट के बढ़ते प्रयोग के साथ-साथ साइबर अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। इसमें सबसे खतरनाक सोशल मीडिया पर किसी की भी तस्वीर को मॉर्फ करके उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उसी के माध्यम से धन उगाही करते हैं। इन दिनों फेसबुक चैलेंज का एक ट्रेंड बढ़ा है।
पिछले कई दिनों से युवाओं में फेसबुक चैलेंज पर फोटो पोस्ट करने का क्रेज बढ़ा है। इसमें लोग दंपती की फोटो खूब पोस्ट कर रहे हैं, उस पर लोग लाइक और कई प्रकार के कमेंट भी कर रहे हैं। मगर यह कमेंट और पोस्ट घातक साबित हो सकते हैं। ऐसा साइबर एक्सपर्ट का मानना है। उनका कहना है कि फोटो कोई भी गलत तरीके से प्रयोग कर सकता है। सीओ सदर प्रदीप यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के हर पोस्ट पर पुलिस की नजर है। धर्म विशेष से जुड़ी टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की जाती है। साइबर और सोशल मीडिया सेल की टीम लगातार इस पर काम कर रही हैं, जो भी शिकायतें आती हैं, उसमें कार्रवाई होती हैं।
फोटो बना सकते हैं अश्लील, कर सकते हैं ब्लैकमेल
साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फोटो को अश्लील बनाकर उसे शेयर करने की धमकी देकर रुपये की मांग और ब्लैकमेल कर सकता है। अगर महिला की फोटो है तो वह और खतरनाक साबित हो सकता है। इसलिए इस प्रकार की फोटो को पोस्ट करने से बचना जरूरी है।
बोले- साइबर एक्सपर्ट
साइबर एक्सपर्ट आरक्षी दिलीप कुमार द्विवेदी ने पहले तो यह ध्यान में रखा जाए कि महिलाओं की फोटो फेसबुक या फिर अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर या पोस्ट न करें। इसके साथ ही फेसबुक प्रोफाइल को लॉक रखें। क्योंकि प्रोफाइल के जरिए साइबर अपराधी पूरी डिटेल निकाल लेता है और दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर ब्लैकमेल भी कर सकता है। इसलिए प्रोफाइल को लॉक रखें। अनजान व्यक्तियों की मित्रता स्वीकार न करें, फेसबुक पर कई प्रकार के लिंक दिए जाते हैं, उसे क्लिक न करें, अगर क्लिक करते हैं तो ठगी के शिकार हो सकते हैं।
केस एक
दोस्त की पत्नी की बना दी अश्लील तस्वीर
सदर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने के एक मित्र को पत्नी का फोटो शेयर किया था। मगर उसने उसका गलत प्रयोग करते हुए अश्लील फोटा बनाकर शेयर करने की धमकी देकर रुपये लेता रहा। केस दर्ज होने बाद मामला शांत हुआ।
केस दो
फोटो एडिट करके बना दिया अश्लील
बांसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला के फेसबुक पेज से उसका फोटो निकाल लिया। इसके बाद उसे एडिट करके अश्लील बना दिया और फेसबुक पेज पर पोस्ट करने की धमकी देते हुए रुपये की मांग की। मामला पुलिस तक पहुंचा तो उसने माफी मांगी। महिला के कहने के बाद उसे माफीनामा लेकर छोड़ा गया।